दिल्ली कांग्रेस ने एसआईआर के लिए तैयारियों को तेज किया, बीएलए नियुक्त किये

Ads

दिल्ली कांग्रेस ने एसआईआर के लिए तैयारियों को तेज किया, बीएलए नियुक्त किये

  •  
  • Publish Date - March 1, 2026 / 12:39 AM IST,
    Updated On - March 1, 2026 / 12:39 AM IST

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने शनिवार को कहा कि मतदाताओं के आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले उसने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है और दिल्लीभर के 10,138 बूथ पर बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

लोकसभा, जिला और विधानसभा पर्यवेक्षकों और बीएलए-1 प्रतिनिधियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए, कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि यह पहल कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बूथ स्तर पर पार्टी संरचना को मजबूत करना है।

यादव ने कहा, ‘‘हमारे ब्लॉक अध्यक्षों, विधानसभा पर्यवेक्षकों और बीएलए-1 सदस्यों के संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप, दिल्ली कांग्रेस ने 10,138 बूथों पर बीएलए-2 नियुक्तियां की हैं। शेष 3,010 बूथ के लिए प्रक्रिया तीव्र गति से जारी है और होली के तुरंत बाद पूरी हो जाएगी।’’

आगामी एसआईआर प्रक्रिया का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पूरी तरह सतर्क रहेगी।

एक सप्ताह पहले, निर्वाचन आयोग ने घोषणा की थी कि वह अप्रैल में दिल्ली और 21 अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण आयोजित करेगा।

भाषा देवेंद्र सिम्मी

सिम्मी