चेन्नई, एक मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को तमिलनाडु के मदुरै और पुडुचेरी में कई सरकारी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
मोदी शाम को मदुरै के तिरुप्परनकुंड्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
प्रधानमंत्री शनिवार रात चेन्नई पहुंचे। तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, राज्य के वित्त मंत्री थंगम थेन्नारासु, ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ के महासचिव ई के पलानीस्वामी, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सौंदराजन और पार्टी के अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। बाद में मादी रात्रि प्रवास के लिए लोक भवन रवाना हो गए।
कार्यक्रम के अनुसार मोदी पुडुचेरी में करीब पौने 12 बजे परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और इसके बाद मदुरै रवाना होंगे, जहां आधिकारिक कार्यक्रम करीब तीन बजे शुरू होगा।
पुडुचेरी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कुछ का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी ढांचे, शहरी सेवाओं, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सतत विकास को मजबूत करना है।
पुडुचेरी में जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है उनमें ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा’ के तहत ई-बसों की शुरुआत, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ के तहत एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र, ‘सिटी इन्वेस्टमेंट्स टू इनोवेट, इंटीग्रेट एंड सस्टेन (सीआईटीआईआईएस)’ पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आवास, तथा सीवरेज और जलापूर्ति की व्यस्था किया जाना शामिल है।
प्रधानमंत्री 750 एकड़ में फैले करासुर-सेदरपेट औद्योगिक एस्टेट को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे जिसमें फार्मा पार्क, टेक्सटाइल पार्क, सूचना प्रौद्योगिकी पार्क, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास (आईआईटी-मद्रास) का अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र तथा जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जेआईपीएमईआर) की उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल होंगी। इससे उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है।
मदुरै में मोदी 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वह करीब तीन बजे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-332ए के मराक्कनम-पुडुचेरी खंड और एनएच-87 के परमकुडी-रामनाथपुरम के बीच चार लेन सड़क मार्ग का शिलान्यास भी करेंगे।
मदुरै कार्यक्रम में प्रधानमंत्री तमिलनाडु के आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, चेन्नई बीच-चेन्नई एषुंबूर चौथी लाइन राष्ट्र को समर्पित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद करीब चार बजे वह तिरुप्परनकुंड्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके अलावा, मोदी कुंभकोणम, येरकौड और वेल्लोर में आकाशवाणी के तीन नए एफएम रिले ट्रांसमीटरों का उद्घाटन करेंगे, ताकि क्षेत्रीय कवरेज बढ़े, एफएम प्रसारण निर्बाध रहे और कई जिलों में सार्वजनिक प्रसारण सेवाओं तक पहुंच मजबूत हो।
मोदी की यात्रा से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर ‘मोदीकमएडीएविन्स’ हैशटैग से अभियान चलाया।
पिछले साल कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा एक दीपथून (पत्थर के स्तंभ) के ऊपर दीपक जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, क्योंकि स्थानीय अधिकारियों ने इस कदम का विरोध किया था।
इस विवाद के बाद भाजपा को सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में मोदी की यात्रा का खास इंतजार है।
मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने हिंदुओं को तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर, एक दरगाह के पास स्थित दीपथून के ऊपर दीपक जलाने की अनुमति दी और दो समुदायों के बीच संघर्ष की आशंका के लिए स्थानीय अधिकारियों को दोषी ठहराया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने श्रद्धालुओं से दो मार्च को तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी की परिक्रमा (गिरिवालम) करने की अपील की है।
हिंदू मुन्नानी के प्रदेश अध्यक्ष कादेश्वर सुब्रमण्यम ने भी दो मार्च को गिरिवालम का आह्वान किया।
सुब्रमण्यम ने एक बयान में कहा, “पूर्णिमा के दिन पड़ने वाला माघ नक्षत्र भगवान मुरुगन के लिए शुभ होता है। इसलिए, हम भक्तों से आग्रह करते हैं कि वे तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर जाएं, जहां काशी विश्वनाथ मंदिर और सुब्रमण्यस्वामी मंदिर स्थित हैं, और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करें।”
तमिलनाडु भाजपा के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने कहा कि मोदी उस सुब्रमण्यस्वामी मंदिर जाएंगे, जहां लंबे समय बाद दीपक प्रज्वलित करने की अनुमति अब मिल गई है।
गोयल ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर “शुभ समारोह में बाधा डालने” का आरोप लगाया।
गोयल ने शनिवार को मदुरै में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह शर्म की बात है कि द्रमुक ने इस आयोजन में अड़चनें खड़ी कीं, जिससे तमिल गौरव, संस्कृति और लोगों को ठेस पहुंची।’’
गोयल ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु के लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट देंगे।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी अन्नाद्रमुक महासचिव ई के पलानीस्वामी के साथ मदुरै में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे और द्रमुक सरकार की “नाकामियों” को जनता के सामने रखेंगे।
उन्होंने दावा किया कि द्रमुक, कांग्रेस और उनके सहयोगियों ने बार-बार तमिलों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और तमिल संस्कृति की अनदेखी की है।
भाषा
खारी संतोष
संतोष