नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के बुध विहार इलाके में स्थित मांगे राम पार्क के पास झुग्गियों में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से एक दंपति और उनकी दो साल की बेटी की जलकर मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
डीएफएस के अनुसार, आग लगने की सूचना देर रात करीब एक बजकर 25 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में घना धुआं और आग की ऊंची लपटें देखी गईं।
दमकलकर्मियों ने घटनास्थल से तीन जले हुए शव बरामद किए। मृतकों की पहचान मोसिब-उर-दस्तगीर (23), उसकी पत्नी मोनारा शेख (19) और उनकी बेटी मैमुना के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के बाद, फोरेंसिक और अपराध टीमों ने आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि बुध विहार थाने में मांगे राम पार्क के पास एक खाली प्लॉट में भीषण आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कूड़ा बीनने वालों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली चार झोपड़ियों में आग लगी थी।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘जांच के दौरान पता चला कि आग रात करीब 12.45 बजे अज्ञात कारणों से लगी और अस्थायी ढांचों और कबाड़ सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। पांच लोग आग से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।’
डीएफएस अधिकारी ने बताया कि एक बंद झोपड़ी के अंदर तीन लोग मृत मिले।
इस बीच, बुध विहार थाने में एक मामला दर्ज किया गया है और मामले की तफ्तीश जारी है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा