दिल्लीः सड़क पर टेम्पो का पहिया बदल रहे चालक की वाहन की टक्कर से मौत

Ads

दिल्लीः सड़क पर टेम्पो का पहिया बदल रहे चालक की वाहन की टक्कर से मौत

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 07:48 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 07:48 PM IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) उत्तरी दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर मंगलवार सुबह टेम्पो का पहिया बदल रहे चालक की वाहन में एक कार के टक्कर मारने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 8.17 बजे वजीराबाद थाने को उत्तरी दिल्ली में बुराड़ी-वजीराबाद खंड पर धीरपुर आईटीआई के सामने हुई एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां नांगलोई निवासी विजय (35) का शव मिला, जिसका सिर कुचला हुआ था।

अधिकारी ने बताया कि विजय दिल्ली की एक निजी परिवहन कंपनी में टेम्पो चालक के रूप में काम करता था।

पुलिस के अनुसार, उसी परिवहन कंपनी में काम करने वाला एक अन्य टेम्पो चालक शुभम भी मौके पर मौजूद था। शुभम ने जांचकर्ताओं को बताया कि विजय तड़के अपने टेम्पो (जिसे आमतौर पर ‘छोटा हाथी’ कहा जाता है) में कबाड़ लादकर सीलमपुर जा रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि धीरपुर आईटीआई के पास विजय ने देखा कि उसके टेम्पो का पिछला टायर पंक्चर हो गया है, जिसके बाद उसने मदद के लिए शुभम को बुलाया।

अधिकारी ने कहा, ‘शुभम जब मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि टेम्पो बाहरी रिंग रोड के डिवाइडर के पास खड़ा था। विजय टायर बदलने के लिए वाहन के पिछले हिस्से में जैक लगा रहा था, तभी पीछे से आ रही एक होंडा ब्रियो कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर में उसका सिर कुचल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई’।

हादसे के बाद कार मौके पर ही खड़ी मिली। कार चालक की पहचान गाजियाबाद निवासी 31 वर्षीय दीपक ग्रोवर के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह एक बीपीओ में काम करता है और जनकपुरी में अपने एक दोस्त से मिलकर घर लौट रहा था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘चालक ने दावा किया कि उसे सड़क के डिवाइडर के पास खड़ा टेम्पो दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

शुभम के बयान के आधार पर, इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विजय कक्षा 10 के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था और पिछले 15-16 वर्षों से टेम्पो चला रहा था। उसके परिवार में सात साल की बेटी और पांच साल का बेटा है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश