दिल्ली: जनकपुरी में इलेक्ट्रॉनिक सामान के बहुमंजिला शोरूम में आग लगी; लाखों का सामान जलकर खाक हुआ

Ads

दिल्ली: जनकपुरी में इलेक्ट्रॉनिक सामान के बहुमंजिला शोरूम में आग लगी; लाखों का सामान जलकर खाक हुआ

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 11:15 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 11:15 AM IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) दिल्ली के जनकपुरी स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के एक बहुमंजिला शोरूम में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई और लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तम नगर-नजफगढ़ रोड पर स्थित विजय सेल्स के शोरूम में तड़के 4.15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में बहुमंजिला इमारत से उठतीं आग की लपटें और आसमान में घना काला धुआं नजर आ रहा है, जिसे काफी दूर से भी देखा जा सकता था।

पुलिस ने बताया कि आग पास के बाटा शोरूम तक भी फैल गई जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित किया और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए।

डीएफएस अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने शुरू में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजीं लेकिन जैसे ही आग ने भीषण रूप लिया तो दमकल की और गाड़ियां सेवा में लगाई गईं। आग पर सुबह करीब 6:30 बजे काबू पा लिया गया।

आग बुझने के बाद भी दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों पर तेज दबाव वाले पानी की बौछारें करते देखा गया ताकि आग को पूरी तरह से बुझाया जा सके तथा उसे और फैलने से रोका जा सके।

अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर शीतलन अभियान जारी है।

आग ने इमारत के भूतल, प्रथम तल और तीन ऊपरी मंजिलों में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और अन्य चीजों को अपनी चपेट में ले लिया। यह इमारत करीब 350 वर्ग गज में फैली है।

डीएफएस अधिकारी ने कहा, ‘‘नुकसान के स्तर का आकलन किया जा रहा है लेकिन माना जा रहा है कि आग में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है।’’

उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव