दिल्ली : टॉय लाइटर पिस्तौल दिखाकर डेढ़ करोड़ रु लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
दिल्ली : टॉय लाइटर पिस्तौल दिखाकर डेढ़ करोड़ रु लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास डेढ़ करोड़ रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है और करीब एक करोड़ रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात में टॉय लाइटर पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।
मध्य रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों को बताया कि दो लोग सात सितंबर को चांदनी चौक से नकदी लेकर सफदरजंग की ओर जा रहे थे, तभी गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास तीन लोगों ने उन्हें पिस्तौल दिखा कर नकदी लूटी और फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी अगले दिन दी गई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में पहली गिरफ्तारी 12 सितंबर को हुई।
वर्मा के अनुसार, गिरोह के छह सदस्यों में से अब तक पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि एक आरोपी फरार है। आरोपियों के कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मामले का कथित मास्टरमाइंड रिंकू (27) लुधियाना का रहने वाला है। वह पहले करोल बाग में अकाउंटेंट का काम करता था, लेकिन नौकरी चले जाने के बाद उसने चांदनी चौक में नकदी के इधर-उधर भेजे जाने की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
अधिकारी ने बताया कि रिंकू ने अपने दोस्तों को गिरोह में शामिल किया और लूट को अंजाम दिया।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने उत्तम नगर में एक जगह किराये पर ली थी और वहीं लूटी गई रकम का बंटवारा किया गया था। पुलिस टीम ने रिंकू को लुधियाना से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले टोह ली थी कि चांदनी चौक से नकदी किस तरह और किन वाहनों से ले जाई जाती है। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने पीड़ित को निशाना बनाया।
डीसीपी ने बताया कि लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्तौल टॉय लाइटर पिस्टल थी, जबकि दूसरी पिस्तौल के भी खिलौना पिस्तौल होने का संदेह है।
भाषा नोमान मनीषा नरेश
नरेश
नरेश

Facebook


