दिल्ली : सुरक्षा कारणों से पांच मेट्रो स्टेशन बंद, पुलिस ने पटेल चौक के पास हल्का बल प्रयोग किया
दिल्ली : सुरक्षा कारणों से पांच मेट्रो स्टेशन बंद, पुलिस ने पटेल चौक के पास हल्का बल प्रयोग किया
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर स्थित कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन स्थल की ओर से जा रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास हल्का बल प्रयोग किया।
कॉजपा के संसद मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा सोमवार को पांच मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के बाद उनके आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा।
डीएमआरसी ने सोमवार सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षा कारणों से अगली सूचना तक राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।
इसके कारण सैकड़ों यात्री फंस गए और कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ा।
राजधानी के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार बंद होने के कारण यात्रियों की भीड़ जमा हो गई।
पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों ने जंतर-मंतर स्थित कॉजपा के प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ यात्री स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद होने के बाद बाहर निकलने के लिए अवरोधक और बंद गेट पार करते दिखाई दिए।
जनपथ मेट्रो स्टेशन के बाहर छात्र, दफ्तर जाने वाले लोग और अन्य यात्री बंद गेट के पास एकत्र होकर सुरक्षा कर्मियों से जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे।
एक यात्री अमित शर्मा ने कहा, ‘‘सोमवार की भीड़ से बचने के लिए मैं सामान्य से करीब एक घंटा पहले घर से निकला था, लेकिन अब मुझे दूसरे मेट्रो स्टेशन तक पैदल जाना पड़ेगा। दफ्तर पहुंचने में कम से कम 30 से 40 मिनट और लगेंगे।’’
जनपथ स्टेशन पर अपनी दो सहपाठियों के साथ पहुंची कॉलेज छात्रा रिया वर्मा ने कहा कि स्टेशन बंद होने की जानकारी उन्हें पहले से नहीं थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम स्टेशन पहुंचे तो देखा कि गेट बंद हैं। कुछ मिनट तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। अब हम कॉलेज पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता तलाश रहे हैं।’’
कॉजपा के प्रस्तावित संसद मार्च के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच यह निर्णय लिया गया।
इस दौरान कई यात्री मोबाइल पर नेविगेशन ऐप देखते, अपने सहकर्मियों और परिजनों को फोन करते या मेट्रो कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों से वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेते दिखाई दिए।
कई लोग पैदल ही आसपास के चालू मेट्रो स्टेशनों की ओर निकल पड़े, जबकि अन्य ने बस, ऑटो-रिक्शा और कैब का सहारा लिया।
इस बीच, मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी बनी रही।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि

Facebook


