नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक गिरोह के एक नाबालिग सदस्य समेत चार सदस्यों को पकड़ा है, जो हत्या और लूट जैसे मामलों में शामिल हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान प्रिंस उर्फ मोहित उर्फ बाबा (25), राधे (22) और शांतनु उर्फ चीका (18) के तौर पर हुई है जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि मोहित और राधे आदतन अपराधी हैं और पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छीन-झपट और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के मामलों में शामिल रहे हैं।
उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव के मुताबिक, गिरोह के सदस्य लोगों में भय पैदा करने के लिए सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते थे।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जहांगीरपुरी निवासी शोएब की शिकायत के बाद की गई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मोहित ने उसके भाई जुनैद कुरैशी की 2020 में हुई हत्या से जुड़ी पुरानी दुश्मनी के चलते उसे धमकी दी है।
शोएब ने आरोप लगाया कि मोहित और उसके साथियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किए, जिसमें वे उसके घर के बाहर गोलीबारी करते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते दिख रहे है।
यादव ने बताया कि 11 मई को दो हथियारबंद लड़कों ने शिकायतकर्ता के घर के बाहर आए और परिसर पर गोली चलाने का प्रयास किया।
भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
ऑनलाइन आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस को वायरल ‘रील’ मिलीं जिनमें युवक खुलेआम पिस्तौल से गोली चलाते नजर आ रहे थे।
डीसीपी ने बताया कि तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें सूचना मिली कि मोहित 13 मई की देर रात एक सहयोगी से मिलने के लिए शकूरपुर पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि एक टीम ने जाल बिछाया और थोड़ी दूर तक पीछा करने के बाद शकुरपुर के पास मोहित को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और 7.65 मिमी कैलिबर की तीन गोलियों से भरी एक मैगज़ीन बरामद की गई।
डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, मोहित ने 2020 में जुनैद की हत्या में कथित तौर पर अपनी संलिप्तता स्वीकार की और आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपने साथियों के नाम बताए।
यादव ने बताया कि उसकी सूचना के आधार पर राधे और शांतनु को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि राधे से एक और अवैध पिस्तौल बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि आदर्श नगर थाने में दर्ज 2021 के हत्या के एक मामले में मोहित को पेरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन वह फरार हो गया था। उसे अगस्त 2025 में पैरोल पर रिहा किया गया था।
पुलिस ने मोहित द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल किया जाने वाला एक स्कूटर भी जब्त किया।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन