दिल्ली में सुबह रही गर्मी, दिन में तेज हवा चलने का अनुमान

दिल्ली में सुबह रही गर्मी, दिन में तेज हवा चलने का अनुमान

दिल्ली में सुबह रही गर्मी, दिन में तेज हवा चलने का अनुमान
Modified Date: November 29, 2022 / 08:29 pm IST
Published Date: March 16, 2022 10:47 am IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को दिन की शुरुआत गर्मी के साथ हुई और शहर में इस महीने का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से पांच डिग्री अधिक 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आज (बुधवार) न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस महीने अभी तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ दिन में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। शहर में तेज हवाएं चलेंगी और हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी।’’

मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत रही।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शहर में बुधवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही। बुधवार को सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 227 रहा।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा गोला निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में