वन महोत्सव-2026 के दौरान दिल्ली सरकार लगाएगी देशज प्रजातियों के पौधे : पर्यावरण मंत्री सिरसा
वन महोत्सव-2026 के दौरान दिल्ली सरकार लगाएगी देशज प्रजातियों के पौधे : पर्यावरण मंत्री सिरसा
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में चलाए जा रहे व्यापक पौधारोपण अभियान का उद्देश्य वायु प्रदूषण से निपटना है। इसके तहत ऐसी देशज (स्थानीय) प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं, जो वायु गुणवत्ता में सुधार करते हैं और जिन्हें अपेक्षाकृत कम पानी की आवश्यकता होती है।
दिल्ली पुलिस द्वारा ‘वन महोत्सव-2026’ के तहत आयोजित पौधारोपण अभियान को संबोधित करते हुए सिरसा ने दावा किया कि इन देशज पौधों की जीवित रहने की दर 97 से 99 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि निगरानी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे पर ‘टैग’ लगाया जाएगा और हर पौधारोपण स्थल का ‘जियोटैग’ किया जाएगा।
‘जियोटैग’ में जहां-जहां पौधे लगाए जाएंगे, उन सभी स्थानों का सटीक लोकेशन डेटा रिकॉर्ड किया जाएगा। इससे अधिकारी मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से यह देख सकेंगे कि पौधे कहां लगाए गए हैं और उनकी स्थिति क्या है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग 70 लाख पेड़ लगाए जाएंगे, जिनमें से 15 लाख पौधे दिल्ली रिज क्षेत्र में लगाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि यह कार्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की परिकल्पना पर आधारित 10 वर्षीय हरित मास्टर प्लान के तहत किया जा रहा है।
सिरसा ने कहा, ‘‘दिल्ली रिज में पौधारोपण योजना का उद्देश्य देशज प्रजातियों के पेड़ों के माध्यम से वन क्षेत्र का पुनरुद्धार करना है। ये पेड़ स्वच्छ हवा प्रदान करते हैं, प्रदूषण कम करने में सहायक हैं और इन्हें कम पानी की आवश्यकता होती है।’’
उन्होंने कहा कि प्रदूषण दिल्ली की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और सरकार जहां भी भूमि उपलब्ध है, वहां पौधारोपण अभियान चलाकर हरित क्षेत्र का अधिकतम विस्तार करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पारंपरिक पौधारोपण के अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में मियावाकी वन भी विकसित किए जा रहे हैं।’’
मियावाकी पद्धति को वृक्षारोपण की सबसे प्रभावी तकनीकों में से एक माना जाता है, जिसके माध्यम से अन्य उद्देश्यों के लिए उपयोग की जा चुकी या क्षतिग्रस्त भूमि पर कम समय में घना वन विकसित किया जा सकता है। इस पद्धति का विकास जापानी वनस्पति वैज्ञानिक डॉ. अकीरा मियावाकी ने किया था।
सरकार के अपशिष्ट प्रबंधन प्रयासों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि दिल्ली में लगभग 202 एकड़ क्षेत्र में कचरे के पुराने ढेर मौजूद हैं, जिनमें से पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान कई एकड़ भूमि को कचरा मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस पुनः प्राप्त भूमि पर भी पौधारोपण किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस के इस व्यापक पौधारोपण अभियान में दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


