कांग्रेस नेता को निशाना बनाकर मानहानिकारक वीडियो पोस्ट करने के मामले में यूट्यूबर फिर गिरफ्तार
कांग्रेस नेता को निशाना बनाकर मानहानिकारक वीडियो पोस्ट करने के मामले में यूट्यूबर फिर गिरफ्तार
पत्तनमथिट्ठा, 17 जुलाई (भाषा) केरल के एक यूट्यूबर को महिला कांग्रेस की नेता को निशाना बनाकर कथित रूप से मानहानिकारक सोशल मीडिया सामग्री पोस्ट करने के मामले में फिर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि राजन जोसेफ को कथित रूप से पत्तनमथिट्ठा जिला पंचायत सदस्य श्रीना देवी कुंजम्मा के खिलाफ नए मानहानिकारक वीडियो अपलोड करने के बाद बृहस्पतिवार को अदूर पुलिस ने गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि इससे पहले जोसेफ को पिछले सप्ताह कोच्चि में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
जमानत की शर्तों के तहत उसे शिकायतकर्ता को दोबारा निशाना बनाकर इसी तरह का अपराध नहीं करने का निर्देश दिया गया था।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि जिस दिन उसे जमानत पर रिहा किया गया, उसी दिन कुंजम्मा को निशाना बनाकर एक नया वीडियो यूट्यूब चैनल के माध्यम से अपलोड और प्रसारित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जोसेफ और सिबी के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया गया। सिबी भी उस वीडियो में नजर आया था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार रात जोसेफ को कोच्चि से गिरफ्तार किया और उसे अदूर पुलिस थाने ले आई।
पुलिस ने बताया कि सह-आरोपी सिबी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कुंजम्मा पूर्व में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की नेता थीं और पिछले साल कांग्रेस में शामिल हुई थीं। वह स्थानीय निकाय चुनाव में पत्तनमथिट्ठा जिला पंचायत के लिए निर्वाचित हुई थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जोसेफ ने भाकपा में रहने के समय से ही उन्हें निशाना बनाकर 20 से अधिक वीडियो अपलोड किए हैं और इसी तरह वामपंथी नेताओं समेत कई अन्य राजनेताओं के खिलाफ भी सामग्री पोस्ट की है।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत

Facebook


