नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित निकोटीन युक्त ई-सिगरेट के अवैध भंडारण का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की 1,200 ई-सिगरेट जब्त की हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दिल्ली में अजमेरी गेट निवासी शहजेब (28) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से ‘फॉक्सी’ ब्रांड के विभिन्न ‘फ्लेवर’ वाली 1200 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद की गई हैं, जिन्हें प्लास्टिक के तीन डिब्बों में रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे स्वापक रोधी प्रकोष्ठ को अजमेरी गेट के शाहगंज इलाके में अवैध ई-सिगरेट के भंडारण के संबंध में गुप्त सूचना मिली जिसके आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर डिब्बों के साथ खड़े शहजेब को पकड़ा।
एक अधिकारी के मुताबिक, हौज काजी थाना पुलिस की मौजूदगी में डिब्बों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद हुई जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है। इस संबंध में हौज काजी थाने में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी से ई-सिगरेट की खरीद, स्रोत और वितरण श्रृंखला के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस अवैध नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान सुरभि मनीषा
मनीषा