महापौर कार्यालय को बम धमकी के बाद बोली आप- भाजपा सरकार में दिल्ली गंभीर सुरक्षा संकट में

Ads

महापौर कार्यालय को बम धमकी के बाद बोली आप- भाजपा सरकार में दिल्ली गंभीर सुरक्षा संकट में

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 08:51 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 08:51 PM IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह के कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी आज एक गंभीर सुरक्षा संकट से जूझ रही है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि धमकी की सूचना मिलने पर परिसर की गहन जांच की गई और बाद में इसे फर्जी पाया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘ई-मेल कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ नामक समूह के नाम से भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित कर दिया गया जिसके बाद महापौर कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई और गहन जांच की गई।

यह धमकी महापौर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी जिसमें दावा किया गया था कि अपराह्न 2.11 बजे के आसपास कार्यालय को उड़ा दिया जाएगा।

दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि कथित धमकी से संबंधित प्राप्त ईमेल की सूचना मिलने के बाद तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई की गई।

इसमें कहा गया कि अधिकारियों ने सिविक सेंटर के भीतर पार्किंग क्षेत्रों, बेसमेंट, महापौर कार्यालय और अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सिविक सेंटर में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई।

आम आदमी पार्टी के पार्षद और दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की ‘चार इंजन’ वाली सरकार दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था में विफल रही है और यहां तक कि महापौर भी सुरक्षित नहीं हैं।

नारंग ने पोस्ट में कहा, “राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आज एक गंभीर सुरक्षा संकट से जूझ रही है। स्थिति इतनी चिंताजनक हो गई है कि अब शहर के प्रथम नागरिक, भाजपा के महापौर भी सुरक्षित नहीं हैं।”

उन्होंने कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि भाजपा के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

पोस्ट में कहा गया, “लगातार मिल रही धमकियां इस बात का संकेत हैं कि राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर हो गई है और आम जनता तथा निर्वाचित प्रतिनिधि दोनों खतरे में हैं।”

एक बयान में महापौर ने कहा, “सुरक्षा जांच के बाद हमारे कार्यालय में सामान्य कामकाज फिर से शुरू हो गया है। हम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह करते हैं और ऐसी धमकियां प्रशासनिक कार्य या सार्वजनिक सेवाओं को प्रभावित नहीं करेंगी।”

उन्होंने कहा कि इसी तरह की धमकी 2022 में भी मिली थी, जिसकी गहन जांच की गई थी। उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसे संदेश दहशत पैदा करने के लिए भेजे जाते हैं।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश