नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) नेपाल में बाढ़ की स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी से काठमांडू के बीच चलने वाली अंतरराष्ट्रीय बस सेवा में कोई व्यवधान नहीं है। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डीटीसी सप्ताह में तीन दिन दिल्ली गेट के पास स्थित अंबेडकर स्टेडियम टर्मिनल से दोनों राजधानियों के बीच बस सेवा संचालित करता है।
बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ ने मध्य नेपाल के कई जिलों में तबाही मचा दी।
बाढ़ में कम से कम 95 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 500 लोग लापता हैं, जिनमें 133 भारतीय शामिल हैं।
बाढ़ से कस्बों और गांवों में भारी नुकसान हुआ, कई पुल बह गए और कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
परिवहन विभाग के अधिकारी ने बताया, “हम नेपाल में स्थिति पर नजर रख रहे हैं। फिलहाल दोनों देशों के बीच बस सेवा निलंबित नहीं की गई है और परिचालन सुचारू रूप से जारी है। स्थिति के आधार पर आगे के फैसले लिए जाएंगे।”
दिल्ली सरकार ने 2014 में दिल्ली-काठमांडू-दिल्ली अंतरराष्ट्रीय बस सेवा शुरू की थी।
बसें सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को पूर्वाह्न 10 बजे दिल्ली से काठमांडू के लिए रवाना होती हैं।
ये बसें उत्तर प्रदेश से होकर गुजरती हैं और गोरखपुर के पास सोनौली चेक पोस्ट के रास्ते नेपाल में प्रवेश करती हैं।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव