नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली के नए उपराज्यपाल नियुक्त किए गए तरनजीत सिंह संधू शनिवार को यहां मोती बाग स्थित गुरुद्वारा गए और क्षेत्र से अपने गहरे व्यक्तिगत जुड़ाव को याद करते हुए अरदास की।
संधू ने पत्रकारों को बताया कि वह पहले भी इसी इलाके में रह चुके हैं और नियमित रूप से गुरुद्वारे जाया करते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं जेएनयू में पढ़ाई के दौरान इसी इलाके में रहता था और बाद में विदेश मंत्रालय के कर्मचारियों के लिए बने आवास में चाणक्यपुरी में रहा। इसके बाद मैं न्यू मोती बाग में रहने लगा।’’
संधू ने कहा कि उस दौरान वह न्यू मोती बाग गुरुद्वारा और मलाई मंदिर दोनों ही स्थानों पर नियमित रूप से जाया करते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां अक्सर आता था और अरदास करता था। आज भी मैं उसी श्रद्धा से यहां आया हूं।’’
दिल्ली के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए संधू ने कहा, ‘‘दिल्ली अग्रणी राजधानियों में से एक रही है और आगे भी रहेगी। यह प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है और हम सभी मिलकर इस सपने को साकार करने के लिए काम करेंगे।’’
दिल्ली के लोगों के लिए संदेश के बारे में पूछे जाने पर संधू ने कहा कि नागरिकों को शहर के विकास में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा संदेश यह है कि विकास के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक है। हमें प्रगति और विकास के लिए एक साथ मिलकर प्रयास करने चाहिए।’’
भाषा
देवेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल