नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में सोशल मीडिया पर भय पैदा करने और ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से हथियार प्रदर्शित करने के आरोप में 26-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने 29 मार्च को ऋतिक खरब को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पिस्तौल प्रदर्शित करते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया मंच पर अपलोड किए थे।
पूछताछ के दौरान, खरब ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार हरियाणा स्थित एक आपराधिक गिरोह से जुड़े आपूर्तिकर्ता से खरीदा था।
पुलिस के अनुसार, खरब ने यह भी बताया कि उसने पहले भी इस हथियार का इस्तेमाल अपनी शादी में जश्न के तौर पर गोली चलाने और अपने साथियों के बीच दबदबा बनाने के लिए किया था।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश