दिल्ली: सीमापुरी में एक बुजुर्ग मां की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली: सीमापुरी में एक बुजुर्ग मां की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली: सीमापुरी में एक बुजुर्ग मां की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: March 12, 2026 / 03:36 pm IST
Published Date: March 12, 2026 3:36 pm IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) दिल्ली के सीमापुरी इलाके में घरेलू झगड़े के दौरान अपनी 60 वर्षीय मां को फर्श पर धक्का देकर कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना बुधवार को आरोपी शेर अली के आवास पर घटी।

अधिकारी ने बताया, ‘शेर अली और उसकी पत्नी के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद झगड़ा शुरू हुआ। उसकी मां, हामिदुन निशा ने दोनों को शांत करने के लिए हस्तक्षेप किया।’

विवाद के दौरान, अली ने कथित तौर पर अपनी मां को धक्का दिया, जिससे वह गिर गईं। उन्हें सिर में चोट आई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस को घटना के संबंध में पीसीआर पर जानकारी प्राप्त हुई, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और महिला को चिकित्सा सहायता के लिए ले गई। हालांकि, उसे बचाया नहीं जा सका।

अधिकारी ने बताया, ‘महिला की बेटी शबनम ने बाद में बयान दिया कि झगड़े के दौरान उसके भाई ने उनकी मां पर हमला किया था, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मौत हो गई।’

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गाजियाबाद के लोनी में दर्जी का काम करने वाले अली को कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि अली और उसकी पत्नी के बीच हुई लड़ाई के दौरान मां को धक्का देकर जमीन पर पटकने से सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में