दिल्ली: बाइक टैक्सी चालक बनकर यात्रियों से मोबाइल फोन छीनने का आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली: बाइक टैक्सी चालक बनकर यात्रियों से मोबाइल फोन छीनने का आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है जो कथित रूप से बाइक टैक्सी चालक बनकर देर रात यात्रियों को निशाना बनाता था और उनके मोबाइल फोन छीन कर फरार हो जाता था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बाहरी उत्तरी दिल्ली के सिंघु गांव का निवासी मुनेंद्र अपराध के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था और विशेष रूप से रात के समय कम किराए की पेशकश कर यात्रियों को निशाना बनाता था।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह मामला 20 मई को तब सामने आया जब एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत कर आरोप लगाया कि आईटीओ क्षेत्र में बीएसजेड मार्ग पर हंस भवन के पास एक बाइक टैक्सी चालक ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
उनके अनुसार, शिकायतकर्ता ने ओखला जाने के लिए एक बाइक बुक की थी और चालक ने उसे कम किराये की पेशकश की और उसे बिना ऐप का इस्तेमाल किए यात्रा करने के लिए राजी किया। बीएसजेड मार्ग के पास, आरोपी ने कथित तौर पर हेलमेट न होने के कारण पुलिस जांच का बहाना बनाकर यात्री को मोटरसाइकिल से उतरने के लिए कहा।
अधिकारी ने बताया कि बाद में चालक ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और भाग गया। इस संबंध में आईपी एस्टेट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस की एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर विकास मार्ग इलाके से आरोपी को ढूंढकर गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान, मुनेंद्र ने कथित तौर पर कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की, जो नरेला इलाके से चोरी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी दिल्ली में चोरी और झपटमारी के कई मामलों में शामिल था।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


