दिल्ली: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करने का आरोपी युवक गिरफ्तार

दिल्ली: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करने का आरोपी युवक गिरफ्तार

दिल्ली: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करने का आरोपी युवक गिरफ्तार
Modified Date: February 5, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: February 5, 2026 6:35 pm IST

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) दिल्ली के द्वारका में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लड़के के कब्जे से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया गया।

ककरोला निवासी समीर को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी के बाद 31 जनवरी को द्वारका के सेक्टर 17 से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि उसने सोशल मीडिया मंच और ‘मैसेजिंग ऐप’ पर हथियार प्रदर्शित करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए एक समर्पित टीम तैनात की है।

जांच के दौरान, पुलिस को एक सोशल मीडिया अकाउंट मिला, जहां आरोपी ने कथित तौर पर हथियार के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट की थीं और ऐसी ही तस्वीरों को ‘डिस्प्ले पिक्चर’ (डीपी) के रूप में इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने बताया कि तकनीकी जानकारी जुटाई गई और आरोपी को ढूंढ़ने के लिए स्थानीय सूत्रों की मदद ली गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “31 जनवरी को समीर को द्वारका के सेक्टर 17 से गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ।”

उन्होंने बताया कि शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान समीर ने बताया कि वह एक कंपनी के प्रतिनिधि (डिलीवरी बॉय) के रूप में काम करता था और उसने यह हथियार मंगोलपुरी निवासी मोनू नाम के एक व्यक्ति से अपनी सुरक्षा के लिए खरीदा था।

पुलिस ने बताया कि उसने अपने इलाके के लोगों और दोस्तों के बीच खुद को ‘बदमाश’ के रूप में पेश करना चाहा था और अपनी छवि बनाने और प्रभाव जमाने के लिए हथियार के साथ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि हथियार के स्रोत का पता लगाने और आपूर्तिकर्ता को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में