दिल्ली: कड़कड़डूमा गांव में चाकू से हमलाकर पत्नी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली: कड़कड़डूमा गांव में चाकू से हमलाकर पत्नी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) दिल्ली के कड़कड़डूमा गांव में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की कथित तौर पर चाकू से हमलाकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार को आनंद विहार थाने को सूचना मिली कि कड़कड़डूमा गांव स्थित एक घर में एक महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को उसके शरीर पर चाकू के कई घाव मिले।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि महिला की पहचान सोनम जोशी (30) के रूप में हुई है जो मूलरूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की निवासी और नोएडा में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।
उन्होंने बताया कि हाल में वह अपनी जेठानी के घर रहने आई थी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अपराध शाखा और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति अनुज जोशी (35) ने की थी।
मीणा ने बताया कि वारदात के कुछ ही घंटे के भीतर पुलिस ने परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लखनऊ से दिल्ली बस से आया था और चाकू लखनऊ में ही खरीदा था। रविवार सुबह करीब पौने छह बजे वह कड़कड़डूमा गांव स्थित घर पहुंचा और उस कमरे में घुस गया, जहां सोनम सो रही थी।
उसने बताया कि इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि लखनऊ में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाने वाले अनुज जोशी की पहली शादी ज्योति नामक महिला से हुई थी। ज्योति से तलाक के बाद उसने सोनम जोशी से विवाह किया था। पहली पत्नी से उसके दो और सोनम से तीन बच्चे हैं। सभी बच्चे फिलहाल लखनऊ में रह रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान
वैभव खारी
खारी
खारी

Facebook


