दिल्ली: उत्पीड़न की शिकायत के बाद महिला के भाई को चाकू मारने के आरोप में युवक गिरफ्तार
दिल्ली: उत्पीड़न की शिकायत के बाद महिला के भाई को चाकू मारने के आरोप में युवक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मॉडल टाउन में महिला के भाई पर चाकू से हमला करने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के परिजनों द्वारा महिला को परेशान किए जाने को लेकर टोकने पर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान श्याम सुंदर उर्फ श्यामलाल के रूप में हुई है, जो उत्तरी दिल्ली के राजपुरा गुड़मंडी का निवासी है। उसे शुक्रवार को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब महिला ने शिकायत की कि पड़ोस में रहने वाला श्याम कुछ समय से उसे परेशान कर रहा है और जब भी वह वहां से गुजरती थी तो अश्लील इशारे करता है।
पुलिस ने बताया कि महिला ने उसे यह सब बंद करने और यह व्यवहार जारी रहने पर अपने पति और भाई को सूचित करने की चेतावनी दी थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘इसके जवाब में, आरोपी ने कथित तौर पर महिला को धमकाया कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसके पति और भाई को जान से मार देगा।’
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 8.30 बजे श्याम ने कथित तौर पर महिला के भाई पर हमला किया और उस पर तीन से चार बार चाकू से वार कर मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारी ने बताया, ‘तकनीकी जानकारी और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर कई छापे मारे गए। अंततः आरोपी को राजपुरा गुड़मंडी इलाके से गिरफ्तार किया गया।’
पूछताछ के दौरान, श्याम ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि वह कुछ समय से महिला को परेशान कर रहा था। जब महिला के परिवार ने उससे इस बारे में पूछा, तो उसके मन में उनके प्रति द्वेष पैदा हो गया और बदला लेने के लिए उसने महिला के भाई पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि श्याम का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


