दिल्ली: पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोप में राजस्थान से एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली: पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोप में राजस्थान से एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली: पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोप में राजस्थान से एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: February 28, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: February 28, 2026 7:34 pm IST

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति को घर में पत्नी और तीन बेटियों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आजादपुर मंडी में सब्जी विक्रेता आरोपी मुंचुन केवट बुधवार की इस घटना को अंजाम देने के बाद से फरार था। उसे राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार किया गया।

समयपुर बादली इलाके में स्थित उसके घर से पत्नी और बेटियों के गले कटे हुए शव बरामद किए गए थे। पड़ोसियों ने भूतल पर स्थित एक कमरे में शवों को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘ पत्नी और तीनों बेटियों के गले धारदार हथियार से काटे गए थे…परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला है।’

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आपराधिक एवं फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अधिकारी ने बताया, “आरोपी का पता लगाने के लिए हमारी टीमें दिन-रात काम कर रही थीं। आखिरकार, टीम को केवट के ठिकाने के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। राजस्थान के किशनगढ़ में उसका पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार करने के लिए तुरंत एक टीम भेजी गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।” केवट को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मृत महिला की पहचान केवट की पत्नी अनीता (27) और उसकी तीन बेटियों (उम्र तीन, चार और पांच वर्ष) के रूप में हुई है। मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में