नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) दिल्ली के रोहिणी में अज्ञात लोगों के समूह से हुई हाथापाई के दौरान कथित तौर पर चाकू से हमला किए जाने से एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना जी3एस मॉल के निकट हुई।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात पुलिस को बीएसए अस्पताल से सूचना मिली कि चाकू से हमले के शिकार एक व्यक्ति को उसके दोस्त ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची जहां शाहबाद डेयरी निवासी घायल व्यक्ति का इलाज किया जा रहा था तथा उसने जांचकर्ताओं को बताया कि पेट्रोल पंप के पास उसका दो-तीन अज्ञात लोगों से झगड़ा हुआ था और इस दौरान उनमें से एक ने कथित तौर पर उसे चाकू मार दिया।
पुलिस ने बताया कि उसके बयान के आधार पर शाहबाद डेयरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा यासिर देवेंद्र
देवेंद्र