दिल्ली : नंद नगरी इलाके में व्यक्ति की हत्या
दिल्ली : नंद नगरी इलाके में व्यक्ति की हत्या
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बृहस्पतिवार तड़के गगन सिनेमा के पास एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नंद नगरी थाने को मिली सूचना के बाद एक टीम घटनास्थल पहुंची जहां पुलिस को गगन सिनेमा के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर एक व्यक्ति घायल मिला।
उनके मुताबिक, घायल को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोहम्मद अनीस के रूप में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


