दिल्ली: यात्री के पटरी पर होने के कारण मेट्रो सेवाएं डेढ़ घंटे तक बाधित रही

Ads

दिल्ली: यात्री के पटरी पर होने के कारण मेट्रो सेवाएं डेढ़ घंटे तक बाधित रही

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 03:27 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली मेट्रो के ‘येलो लाइन’ के विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर ‘एक यात्री के पटरी पर होने’ के कारण मेट्रो सेवाएं करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहीं।

मेट्रो का इंतजार करते समय प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यात्रियों की भीड़ देखी गई।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के पटरी पर होने के कारण ‘येलो लाइन’ पर ट्रेन सेवाओं के संचालन में देरी हुई।”

डीएमआरसी ने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा कारणों से येलो लाइन पर ट्रेन सेवाओं को नियंत्रित किया गया, जिससे सुबह के व्यस्त समय में इस कॉरिडोर के कई स्टेशनों पर मेट्रो के लिए प्रतीक्षा का समय बढ़ गया और भीड़ एकत्रित हो गई।

एक यात्री अमित ने कहा कि कार्यालय समय में यह व्यवधान काफी असुविधाजनक रहा।

उन्होंने कहा, “यह ऑफिस का समय है और भारी भीड़ है। ट्रेनें आ भी रही हैं तो इतनी भरी हुई हैं कि चढ़ना मुश्किल हो रहा है।”

एक अन्य यात्री ने कहा, “पहले ही देर हो रही है और यह स्पष्ट नहीं है कि यह स्थिति कब तक रहेगी। हममें से कई लोग आज समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाएंगे।”

डीएमआरसी के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे बाद येलो लाइन पर सामान्य सेवाएं बहाल कर दी गईं।

भाषा राखी नरेश

नरेश