नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शकूरपुर इलाके में शनिवार सुबह 27 वर्षीय एक व्यक्ति की जेसीबी मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि यह घटना शकूरपुर में एक कब्रिस्तान के पास सुबह करीब 10 बजे हुई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शकूरपुर निवासी मोहम्मद हुसैन की मौत हो गई।
जेसीबी चालक आशीष (23) उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का रहने वाला है। स्थानीय लोगों ने उसे घटनास्थल पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी एक पार्क को समतल करने के लिए जेसीबी मशीन को शकूरपुर के बेरीवाला बाग की ओर ले जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।
इस घटना के सिलसिले में एक मामला भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश