नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बुधवार को होली समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान नेपाल के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उत्सव के दौरान दो समूहों के बीच हुए झगड़े में हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर नेपाल और उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पीड़ितों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नेपाल को मृत घोषित कर दिया। नेपाल के साथी को गंभीर चोटें आईं जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह अभी चिकित्सकों की निगरानी में है।
बुराड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हमले में शामिल अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘हमने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।’
पुलिस टीम घटनाक्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश