दिल्ली पुलिस ने हत्या के 24 साल बाद आरोपी को मानेसर से गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने हत्या के 24 साल बाद आरोपी को मानेसर से गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने हत्या के 24 साल बाद आरोपी को मानेसर से गिरफ्तार किया
Modified Date: September 27, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: September 27, 2026 7:35 pm IST

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के एक जंगल वाले इलाके में 2002 में कथित तौर पर पत्थर से सिर कुचलकर अपने 35 वर्षीय परिचित की हत्या करने के आरोपी 48 वर्षीय व्यक्ति को लगभग 24 साल बाद गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान फिरोज उर्फ खाजा के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उसे गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर स्थित एक रेडीमेड कपड़ा फैक्टरी से गिरफ्तार किया, जहां वह पिछले दो साल से दर्जी का काम कर रहा था।

यह हत्या का मामला ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाने में कलाम अंसारी की हत्या के संबंध में दर्ज किया गया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ’18 फरवरी 2002 को तुगलकाबाद किले के पास डीडीए के जंगल से करीब 35 वर्षीय एक व्यक्ति का सड़ा हुआ शव बरामद किया गया था। शव पत्थरों से ढका हुआ था और पीड़ित का सिर बेरहमी से कुचल दिया गया था।’

मृतक की पहचान बाद में बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी अंसारी के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद फिरोज ने अपने पैतृक गांव से संपर्क खत्म कर लिया था और अपनी पहचान तथा ठिकाने को छिपाते हुए अलग-अलग स्थानों पर रहता रहा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में