नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने जंगपुरा इलाके से नशीले पदार्थों के अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े एक भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विशेष प्रकोष्ठ के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार के बताया कि आरोपी की पहचान जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर निवासी हाकिम मोहम्मद अल्ताफ (58) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को पटियाला हाउस अदालत ने एनडीपीएस मामले में 2023 में भगोड़ा घोषित किया था। उसके खिलाफ 2021 में यह मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को जंगपुरा में अल्ताफ की गतिविधि की गुप्त सूचना मिलने के बाद उसे अपराह्न करीब 2:45 बजे पकड़ लिया गया। इस मामले में दो अफगान नागरिकों सहित नौ सह-आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, मई 2021 में विशेष प्रकोष्ठ ने बटला हाउस में एक ‘ड्रग-रिफाइनिंग’ फैक्टरी का पर्दाफाश कर 35.6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसके अलावा आरोपियों के पास से करीब 19 किलो एम्फ़ैटेमिन और पांच किलो मेस्केलिन नामक मादक पदार्थ भी जब्त किया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अल्ताफ जम्मू-कश्मीर से दिल्ली में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और परिवहन में मुख्य भूमिका निभाता था।
अधिकारियों के मुताबिक, उसने इस काम के लिए लाजपत नगर में एक फ्लैट किराए पर लिया था, जहां से एक सह-आरोपी 12 किलोग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। उसकी पहचान श्रीनगर निवासी आबिद के तौर पर हुई थी।
भाषा नोमान सिम्मी वैभव
वैभव