दिल्ली पुलिस ने ‘सेक्सटॉर्शन’ गिरोह के सरगना को राजस्थान से गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने ‘सेक्सटॉर्शन’ गिरोह के सरगना को राजस्थान से गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने ‘सेक्सटॉर्शन’ गिरोह के सरगना को राजस्थान से गिरफ्तार किया
Modified Date: May 6, 2026 / 05:12 pm IST
Published Date: May 6, 2026 5:12 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 21 वर्षीय एक युवक को फर्जी वीडियो कॉल और ब्लैकमेल कर उससे 2.52 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में राजस्थान के मेवात क्षेत्र से एक ‘सेक्सटॉर्शन’ गिरोह के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी बुधवार को एक अधिकारी ने दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अब्बास खान के रूप में हुई है, जो राजस्थान के अलवर जिले का निवासी है। वह सेक्सटॉर्शन और धोखाधड़ी के कई मामलों में शामिल रहा है तथा साइबर अपराध नेटवर्क में सरगना के रूप में काम करता था।

इसने कहा कि यह मामला तब सामने आया जब दिल्ली के एक निवासी ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई कि एक महिला से ‘फ्रेंड रिक्वेस्ट’ मिलने के बाद उससे उगाही की गई।

पुलिस के अनुसार, चैट के दौरान शिकायतकर्ता ने अपना मोबाइल नंबर साझा किया, जिसके बाद उसे एक वीडियो कॉल आया, जिसमें अश्लील सामग्री दिखाई गई। फोन कटते ही उसे धमकियां मिलने लगीं कि उसका वीडियो बना लिया गया है और यदि उसने पैसे नहीं दिए तो इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।

इसने बताया कि बदनामी के डर से पीड़ित ने कई किस्तों में कुल 2.52 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए।

शिकायत के आधार पर 12 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया खातों, प्रोफाइल, डिजिटल फुटप्रिंट और बैंक लेन-देन के विश्लेषण से पता चला कि इस धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए फर्जी पहचान और ‘म्यूल’ बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।

इसने कहा कि जांच के दौरान पुलिस टीम मेवात क्षेत्र तक पहुंची, और स्थानीय पुलिस की मदद से अलवर के एक गांव में छापेमारी की गई, जहां से खान को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि पीड़ितों को फंसाने के लिए महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाए जाते थे और ‘स्क्रीन-रिकॉर्डेड वीडियो’ कॉल के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में