दिल्ली पुलिस ने हिमांशु भाऊ गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने हिमांशु भाऊ गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 04:48 PM IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गिरोह के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है और हथियारों, कारतूस और वाहनों को जब्त कर एक अवैध हथियार आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के कई मामलों में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि विक्की पर हत्या के मामलों के संबंध में हरियाणा पुलिस ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 22 और 23 जनवरी की दरमियानी रात हिरंकुडना-ढिचाऊं कलां सड़क पर यूईआर-द्वितीय फ्लाईओवर के नीचे आरोपियों को तब रोका गया जब खुफिया जानकारी मिली कि गिरोह के सदस्य दिल्ली में एक बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश में गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान विक्की ने कथित तौर पर दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली मारी, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि विक्की से एक पिस्तौल और 12 कारतूस बरामद किए गए, जबकि चंदर भान से एक पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए गए। उनके द्वारा इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।

इसने कहा कि जांच और आरोपियों से हिरासत में पूछताछ के दौरान, पुलिस ने अवैध हथियार आपूर्ति श्रृंखला से कथित तौर पर जुड़े तीन और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जिनमें उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी यामीन खान, गौतमबुद्धनगर निवासी सतीश कुमार उर्फ ​डल्लू और दिल्ली निवासी ईश्वर सिंह उर्फ सोनू शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली के विभिन्न स्थानों से और भी सामान बरामद किया गया है। इस मामले में अब तक कुल पांच पिस्तौल, 28 कारतूस और दो गाड़ियां जब्त की जा चुकी हैं।

अधिकारियों के अनुसार, विक्की 2012 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और कथित तौर पर दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय हिमांशु भाऊ गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के साथ संबंध रखता है।

भाषा नोमान राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल