दिल्ली पुलिस ने चालक का ध्यान भटकाकर नकदी चुराने के आरोप में दो को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने चालक का ध्यान भटकाकर नकदी चुराने के आरोप में दो को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - November 16, 2025 / 07:05 PM IST,
    Updated On - November 16, 2025 / 07:05 PM IST

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 26 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके एक रिश्तेदार को वाहन में खराबी का चालक का ध्यान भटकाकर उसके वाहन से कथित रूप से पांच लाख रुपये की नकदी से भरा बैग चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां 11 नवंबर को भलस्वा डेरी पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद की गईं। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को उसी थाने में इसी तरह की एक और घटना की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पहली घटना में शिकायतकर्ता गुरुचरण दास ने पुलिस को बताया कि जीटी करनाल मार्ग पर पर लिबासपुर फ्लाईओवर के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका और दावा किया कि उनकी कार से धुआं निकल रहा है। जब वह गाड़ी से बाहर निकलकर जांच करने लगे, तो आरोपी कथित तौर पर पांच लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। एक अन्य वाहन चालक ने भी 13 नवंबर को इसी तरह की घटना में 25,000 रुपये खोने की सूचना दी।’

पुलिस ने जांच के दौरान लिबासपुर बस अड्डे के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी खंगाले।

पुलिस ने बताया कि 13 नवंबर को पुलिस ने सागर उर्फ ​​अविनाश और उसके 23 वर्षीय रिश्तेदार विशाल को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ कुल 4.76 लाख रुपये नगद बरामद किया गया है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन