दिल्ली पुलिस ने खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में एसएफजे के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में एसएफजे के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - February 5, 2026 / 09:26 AM IST,
    Updated On - February 5, 2026 / 09:26 AM IST

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में दो स्थानों पर खालिस्तान समर्थित नारे लिखने के आरोप में सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) से कथित तौर पर जुड़े दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के एम्बुलेंस चालक बलजिंदर और उसके साथी रोहित उर्फ ​​कीर्थ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर कनाडा स्थित एसएफजे प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर काम किया। उसने बताया कि पन्नू ने इन दोनों को 26 जनवरी से कुछ दिन पहले सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और शहर में अशांति फैलाने के मकसद से सार्वजनिक स्थानों पर नारे लिखने के लिए दो लाख रुपये देने का वादा किया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपियों ने गणतंत्र दिवस से ठीक पहले दिल्ली में दो अलग-अलग स्थानों पर खालिस्तान समर्थित नारे लिखे।’’

अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि साजिश कथित तौर पर कनाडा से रची गई थी, जहां पन्नू के एक करीबी सहयोगी ने आरोपियों के साथ समन्वय किया। उन्होंने बताया कि पन्नू के सहयोगी ने बलजिंदर और रोहित को कथित तौर पर यह काम सौंपा था।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान बलजिंदर ने खुलासा किया कि उसे रुपयों के साथ संसाधन सहायता का भी लालच दिया गया था, जबकि रोहित ने उसे जगहों की पहचान करने व कृत्य को अंजाम देने में मदद की।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस पन्नू तथा उसके नेटवर्क से जुड़े और लोगों की तलाश जारी रखे हुए है।’’

भाषा खारी अमित

अमित