नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अवैध संबंध के संदेह में पिछले साल एक व्यक्ति को नशीला पदार्थ खिलाने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या करने और शव को उत्तर प्रदेश की एक नहर में फेंकने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी मोहम्मद नसीम उर्फ मोनू (26) दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का निवासी है और उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि वह पिछले साल जून में दिल्ली के जनकपुरी इलाके में मोहम्मद कादिर की हत्या के बाद से फरार था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) विक्रम सिंह ने बताया कि पिछले साल सितंबर में एक अदालत ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी इरफान को संदेह था कि कादिर का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इरफान और नसीम रिश्तेदार हैं।
पुलिस ने बताया कि इरफान ने नसीम समेत अपने साथियों के साथ मिलकर कादिर की शराब में नींद की गोलियां मिलाई और फिर उसका गला घोंट दिया। उसने बताया कि बाद में आरोपियों ने शव को मेरठ की एक नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि नसीम तब से फरार था।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए नसीम बार-बार मोबाइल फोन बदल रहा था और रिश्तेदारों के नाम पर जारी किए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था। वह फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके टैक्सी चालक के रूप में काम करता था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और एक निर्धारित स्थान पर छापा मारा, जिसके परिणामस्वरूप शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
भाषा तान्या धीरज
धीरज