दिल्ली पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, जयपुर से दो गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, जयपुर से दो गिरफ्तार
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जयपुर से दो लोगों को गिरफ्तार कर ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक, दिल्ली निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके खाते से 1.91 लाख रुपये निकालने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने 23 अप्रैल को पुलिस में शिकायत देकर बताया कि दो दिनों में उसके खाते से अवैध रूप से 95,000 रुपये और 96,000 रुपये निकाले गए हैं।
जांच के दौरान, जांचकर्ताओं ने इस बात का पता लगाया कि पीड़ित के खाते से पैसा निकाल कर किन खाते में भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि इसकी जांच करते हुए पुलिस की टीम जयपुर पहुंची जहां रोहित कुमार बैरवा (21) और लोकेश महावर (21) को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान, बैरवा ने जांचकर्ताओं को कथित तौर पर बताया कि उसने महावर को कई बैंक खाते उपलब्ध कराए थे, जिसके बदले में उसे उन खातों में धोखाधड़ी से प्राप्त रकम पर दो प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस ने बताया कि महावर साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को ‘म्यूल’ बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनकी व्यवस्था करने में शामिल था और उसने अवैध धन के लेन-देन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले लगभग 30 ऐसे खाते उपलब्ध कराए थे।
मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


