नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने खराब मोबाइल फोन को मरम्मत के बाद नया बताकर बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि करोल बाग और आनंद पर्वत क्षेत्रों में दो मकानों पर समन्वित छापेमारी के बाद आरोपियों किशोर खंडेलवाल (45) और पप्पू गुप्ता (34) को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर, एक टीम ने एक प्रमुख मोबाइल निर्माता कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की उपस्थिति में अभियान को अंजाम दिया, जिससे जब्त की गई वस्तुओं का तकनीकी सत्यापन सुनिश्चित हुआ।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,658 तैयार (रेडी यू यूज़) मोबाइल फोन बरामद किए, साथ ही आईएमईआई चिप्स, पुराने मोबाइल फोन, मदरबोर्ड, चार्जर, बैटरी और डिस्प्ले स्क्रीन सहित बड़ी मात्रा में पुर्जे भी बरामद किए। इनका इस्तेमाल मोबाइल फोन को नया रूप देने के लिए किया जाता था।”
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी लगभग दो वर्षों से यह काम कर रहा था, जिसके तहत वह उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम बंगाल के कबाड़ कारोबारियों से पुराने व खराब हो चुके मोबाइल फोन और उनके पुर्जे खरीदता था।
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन की मरम्मत के बाद उसमें फर्जी आईएमईआई नंबर डाले जाते थे और नया जैसा दिखाने के लिए फिर से पैक कर दिया जाता था।
अधिकारी ने कहा कि फिर ये फोन गफ्फार मार्केट समेत दिल्ली के विभिन्न बाजारों और मध्यप्रदेश व राजस्थान जैसे अन्य राज्यों में भेजे जाते थे।
इस संबंध में एक मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश