दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती: मफर्जी अभ्यर्थी से पीईएमटी दिलाने के आरोप में अभ्यर्थी हिरासत में

Ads

दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती: मफर्जी अभ्यर्थी से पीईएमटी दिलाने के आरोप में अभ्यर्थी हिरासत में

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 09:54 PM IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपनी जगह किसी अन्य व्यक्ति को भेजने के आरोप में 19 वर्षीय अभ्यर्थी को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव निवासी अक्षित को वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में 1,600 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लंबाई और छाती की माप के लिए इंतजार करते पाया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों और अन्य अभ्यर्थियों को संदेह हुआ कि अक्षित ने शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा नहीं लिया था क्योंकि उसके शरीर पर न तो पसीना था और न ही धूल लगी थी।

कुछ अभ्यर्थियों ने भी संकेत दिया कि शारीरिक परीक्षा देने वाला व्यक्ति अक्षित नहीं था।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में अक्षित ने खुलासा किया कि उसके भाई ने उसकी जगह परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी अन्य व्यक्ति की व्यवस्था की थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फर्जी अभ्यर्थी ने कथित तौर पर प्रवेश पत्र में बदलाव कर परीक्षा स्थल में प्रवेश किया, शारीरिक गतिविधियां पूरी कीं और अक्षित को अपना ‘चेस्ट नंबर’ सौंपकर चला गया ताकि वह बायोमेट्रिक सत्यापन और लंबाई-छाती की माप करा सके।

पुलिस ने बताया कि अक्षित को सोनिया विहार थाने को सौंप दिया गया और फर्जीवाड़े के संबंध में मामला दर्ज जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान जितेंद्र

जितेंद्र