दिल्ली पुलिस ने सामुदायिक आधारित यातायात प्रबंधन पहल शुरू की

Ads

दिल्ली पुलिस ने सामुदायिक आधारित यातायात प्रबंधन पहल शुरू की

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 09:34 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के कई इलाकों में एक नई नागरिक-केंद्रित पहल के तहत हजारों ई-चालान काटे गए, उन्हें उठाकर ले जाने और क्लैंप लगाने की कार्रवाई की गई, और ज़मीनी स्तर पर यातायात व्यवस्था में सुधार किया गया।

एक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा स्थानीय यातायात समस्याओं को सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से हल करने के लिए इस महीने की शुरुआत में शुरू की गई परियोजना ‘संगम’ (सिनर्जिस्टिक एक्शन एंड नेटवर्क्ड गवर्नेंस फॉर एरिया मोबिलिटी) के तहत की गई है।

बयान में कहा गया है कि इस पहल को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू द्वारा दो अप्रैल को दिए गए निर्देशों के बाद लागू किया गया था। उन्होंने क्षेत्र से संबंधित समाधान खोजने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए) को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया था।

इसमें कहा गया है कि तीन अप्रैल से अब तक कनॉट प्लेस, खान मार्केट, चाणक्यपुरी, डिफेंस कॉलोनी, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन, साकेत और करोल बाग जैसे क्षेत्रों में लगभग 30 बैठकें की गई हैं, जिनमें 6,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया है।

बयान के मुताबिक, ‘इन चर्चाओं के दौरान अनधिकृत पार्किंग, ई-रिक्शा प्रबंधन, गलत दिशा में वाहन चलाना, अतिक्रमण, सिग्नल टाइमिंग और पैदल यात्री सुरक्षा जैसे मुद्दों पर 50 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए।’

इन सुझावों के आधार पर, ई-चालान जारी करने और वाहनों को टो करने व क्लैंप करने जैसी कार्रवाई तेज की गई।

इसमें बताया गया है कि अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने और नियमों का पालन बेहतर करने के लिए कई क्षेत्रों में अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यह परियोजना वर्तमान में कई इलाकों में संचालित है और इसे शहर के अन्य हिस्सों में भी विस्तारित किए जाने की उम्मीद है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव