कश्मीरी गेट पर कार में हुई गोलीबारी की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

Ads

कश्मीरी गेट पर कार में हुई गोलीबारी की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 11:20 AM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 11:20 AM IST

नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े एक वकील की कार पर राष्ट्रीय राजधानी के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) के पास देर रात हुई गोलीबारी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दीपक खत्री की शिकायत पर कश्मीरी गेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 3(5) (आपराधिक षड्यंत्र) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, खत्री को पहले भी हिंसा की धमकियां मिली थीं।

मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास मंगलवार रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर एक कार पर गोलीबारी हुई और उस समय कार में पांच लोग सवार थे।

यहां एक अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति को कंधे में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया के अनुसार, कार सवार लोगों ने हमलावरों की संख्या के बारे में अलग-अलग बयान दिए हैं।

एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

भाषा यासिर वैभव

वैभव