दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस में हुई हिंसा के मामले में प्राथमिकी दर्ज की

Ads

दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस में हुई हिंसा के मामले में प्राथमिकी दर्ज की

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 08:46 AM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 08:46 AM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस में रीगल सिनेमा के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ के सिलसिले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि सोमवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पथराव किया, कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों पर हमला किया।

पुलिस सूत्र के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से इस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

यह कार्रवाई ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़पों के एक दिन बाद की गई है। झड़प के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचा।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई है।

सूत्र ने बताया कि नयी दिल्ली, मध्य, उत्तर, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व जिलों के अलावा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रणनीतिक बिंदुओं पर बहुस्तरीय अवरोधक लगाए गए हैं, वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है।

प्रमुख सरकारी भवनों, प्रमुख चौराहों और विरोध-प्रदर्शन संभावित स्थलों के आसपास अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘सोमवार की हिंसा की जांच जारी है, और तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों पर हमले व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा खारी शफीक

शफीक