नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) उड़नपरी के नाम से मशहूर धाविका और राज्यसभा की मनोनीत सदस्य पीटी उषा ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल का नेतृत्व करने के कारण उच्च सदन की कार्यवाही में चार अगस्त तक भाग नहीं लेंगी।
उच्च सदन में सभापति सी पी राधाकृष्णन ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी और कहा कि उषा ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल का नेतृत्व करने का दायित्व निभाने का हवाला देते हुए सदन से 20 जुलाई से चार अगस्त तक का अवकाश मांगा है।
सदन ने उन्हें इसके लिए ध्वनिमत से अनुमति दे दी।
स्काटलैंड के ग्लासगो शहर में 23 जुलाई से दो अगस्त तक राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया जाएगा। इन खेलों में भाग लेने के लिए करीब 125 सदस्यीय भारतीय दल के वहां जाने की संभावना है।
उषा इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की वर्तमान अध्यक्ष हैं।
भाषा माधव अविनाश
अविनाश