दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत 12,600 मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए

दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत 12,600 मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए

दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत 12,600 मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए
Modified Date: May 12, 2026 / 08:28 pm IST
Published Date: May 12, 2026 8:28 pm IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अपनी विशेष पहल ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत चोरी और गुम हुए 12,600 से अधिक मोबाइल फोन मंगलवार को उनके असली मालिकों को लौटा दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत संधू और दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की उपस्थिति में मोबाइल फोन के असल मालिकों को ये उपकरण लौटाए गए।

पुलिस के अनुसार, ‘सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर’ (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से पिछले 45 दिनों में 19,000 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिससे चोरी और गुम हुए फोन की बरामदगी दर 2026 में 74 प्रतिशत तक पहुंच गई है जबकि 2025 में यह 12 प्रतिशत और 2024 में पांच प्रतिशत थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘सभी जिलों में समर्पित पुलिस टीमों ने पिछले कुछ महीनों से उपकरणों का पता लगाने और उन्हें बरामद करने के लिए काम किया और इस अभियान के दौरान वे कई राज्यों में गयीं।’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने इस पहल को शुरू करने के लिए दिल्ली पुलिस की प्रशंसा की और कहा कि बरामदगी अभियान अधिक नागरिक-केंद्रित है और ऐसी पुलिस व्यवस्था को दर्शाता है जिसमें काम करने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान और व्यवस्था में विश्वास ही इस पहल की असली सफलता है।’

संधू ने कहा कि इस अभियान ने अपराधियों को यह संदेश भी दिया कि पुलिस व्यवस्था अधिक स्मार्ट, तेज और अधिक समन्वित होती जा रही हैं।

पुलिस आयुक्त गोलछा ने कहा कि दिल्ली पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना ही नहीं था, बल्कि चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी और बहाली सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई करना भी है।

उन्होंने कहा कि बरामद हुए फोन के पीछे पुलिस टीमों की कड़ी मेहनत, समन्वय और समर्पण निहित होता है।

कार्यक्रम के दौरान, उपराज्यपाल ने सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक यातायात प्रदर्शनी वैन का भी उद्घाटन किया और एक यातायात सुरक्षा मार्गदर्शिका पुस्तिका का विमोचन किया।

इस बीच पूर्वी दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत निरंतर तकनीकी निगरानी के माध्यम से 870 चोरी और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए और इनमें से 700 से ज्यादा मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्वी दिल्ली) सृष्टि पांडे ने बताया कि इस अभियान के तहत न्यू अशोक नगर स्थित महाराजा अग्रसेन कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में 724 मोबाइल फोन उनके असल मालिकों को सौंपे गए।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में