नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली की सड़कों पर एम्बुलेंस और दमकलकर्मियों की आवाजाही तेज करने के उद्देश्य से, यातायात पुलिस संकट के समय आपातकालीन वाहनों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित यातायात प्रबंधन और मार्ग निर्धारण प्रणाली लागू कर रही है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल कई आपात स्थितियों, विशेष रूप से हाल ही में मालवीय नगर के एक होटल में लगी आग, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई थी, के मद्देनजर शुरू की गई है। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि यातायात जाम के कारण दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचने में देरी हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘ट्रैफिक टीमें हजारों सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज पर नजर रखती हैं। इसके अलावा, हमारी एआई-आधारित यातायात प्रबंधन प्रणाली हमें व्यस्त यातायात क्षेत्रों की स्पष्ट जानकारी देगी। किसी भी आपात स्थिति में, व्यस्त यातायात क्षेत्रों में, हमारी प्रणाली दमकल कर्मियों और एम्बुलेंस को सबसे छोटे और तेज मार्गों से जाने के लिए सतर्क करेगी।’
उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और अग्निशमन विभागों के अधिकारियों ने आपातकालीन वाहनों के लिए यातायात मुक्त गलियारे बनाने और यह सुनिश्चित करने हेतु कई उपायों पर विचार किया है कि वे कम से कम समय में प्रभावित स्थानों तक पहुंचें।
अधिकारी ने कहा, ‘इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अग्निशमन कर्मी और एम्बुलेंस व्यस्त यातायात के समय में भी तेजी से आवागमन कर सकें। तकनीक तुरंत सबसे तेज उपलब्ध मार्ग की पहचान कर सकती है और आपातकालीन वाहनों को भीड़भाड़ से बचने में मदद कर सकती है।’
उन्होंने यह भी कहा कि एम्बुलेंस और दमकल कर्मियों के फंस जाने जैसी स्थितियों में, सड़कों को तुरंत साफ करने के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात की जाएगी ताकि समय पर सहायता पहुंच सके।
अधिकारी ने कहा कि अधिकारी शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात की स्थिति का विश्लेषण कर रहे हैं और स्थान-विशिष्ट आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाएं विकसित करने के लिए दिन के विभिन्न समय पर भीड़भाड़ की स्थिति का अध्ययन कर रहे हैं।
भाषा तान्या माधव
माधव