दिल्ली एसआईआर: बुराड़ी में सबसे अधिक, दिल्ली कैंट में सबसे कम नाम हटाए गए

Ads

दिल्ली एसआईआर: बुराड़ी में सबसे अधिक, दिल्ली कैंट में सबसे कम नाम हटाए गए

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 12:27 AM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 12:27 AM IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) दिल्ली में सोमवार को जारी 70 विधानसभा सीट की मसौदा मतदाता सूची के अनुसार बुराड़ी में सबसे अधिक 1.67 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए।

प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा 47.85 प्रतिशत नाम तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र में हटाए गए हैं। इसके बाद ओखला (45.33 प्रतिशत), कस्तूरबा नगर (44.03 प्रतिशत) और बदरपुर (42.67 प्रतिशत) हैं।

संख्या के हिसाब से सबसे ज्यादा नाम बुराड़ी में हटाए गए हैं, जो उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसके बाद ओखला में 1.63 लाख, बदरपुर में 1,46,673, विकासपुरी में 1,46,225 और रिठाला में 1.06 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक संख्या के आधार पर सबसे कम 22,855 नाम दिल्ली कैंट में हटाए गए हैं। इसके बाद रोहिणी (24,888), शकूर बस्ती (27,233), राजौरी गार्डन (30,856) और मटिया महल (32,099) हैं।

प्रतिशत के हिसाब से सबसे कम 16.5 प्रतिशत नाम रोहिणी में हटाए गए हैं। इसके बाद शकूर बस्ती (18.74 प्रतिशत), राजौरी गार्डन (20.86 प्रतिशत), मंगोलपुरी (21.24 प्रतिशत) और मटिया महल (24.5 प्रतिशत) हैं।

जिला स्तर पर मसौदा मतदाता सूची से सबसे ज्यादा 6.79 लाख नाम दक्षिण-पूर्वी दिल्ली जिले में हटाए गए हैं। वहीं, नयी दिल्ली जिले में सबसे कम 60,170 नाम हटाए गए हैं। पूर्वी दिल्ली (5.70 लाख), उत्तर-पूर्वी दिल्ली (5.43 लाख), दक्षिणी दिल्ली (5.19 लाख) और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली (3.71 लाख) में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद सोमवार को जारी दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची में मौजूदा 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।

मसौदा सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं, वे अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची चार नवंबर को जारी की जाएगी।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश