दिल्ली एसआईआर : रेखा गुप्ता, केजरीवाल को विसंगतियों के लिए नोटिस जारी

दिल्ली एसआईआर : रेखा गुप्ता, केजरीवाल को विसंगतियों के लिए नोटिस जारी

दिल्ली एसआईआर : रेखा गुप्ता, केजरीवाल को विसंगतियों के लिए नोटिस जारी
Modified Date: September 19, 2026 / 10:25 pm IST
Published Date: September 19, 2026 10:25 pm IST

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत दिल्ली के कई प्रमुख मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत जमा किए गए गणना प्रपत्रों के विवरण में ‘‘विसंगतियों’’ को लेकर निर्वाचन आयोग ने नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री की प्रविष्टि को ‘‘मान्य’’ कर दिया गया है और चार नवंबर को प्रकाशित होने वाली शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल रहेगा।

सीईओ कार्यालय ने कहा कि गुप्ता से संबंधित प्रविष्टि को गणना प्रपत्र में दी गई जानकारी के आधार पर तार्किक विसंगतियों वाली सूची में चिह्नित किया गया था।

दिल्ली के प्रत्येक मतदाता को 30 जून से 17 अगस्त तक चले घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान भरे हुए प्रपत्र जमा करने थे।

सीईओ कार्यालय ने कहा कि मसौदा मतदाता सूची में शामिल 33.13 लाख मतदाताओं को गणना प्रपत्र के विवरण में विसंगतियों को लेकर नोटिस भेजे जाएंगे। अब तक 31.63 लाख मतदाताओं को नोटिस दिए जा चुके हैं।

अधिकारियों के अनुसार, गुप्ता को ‘‘उम्र से संबंधित’’ विसंगति के कारण नोटिस मिला है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल और भाजपा नेता सुधांशु मित्तल को भी नोटिस भेजे गए हैं।

नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता केजरीवाल को ‘‘पिछले एसआईआर से मिलान नहीं होने’’ के कारण नोटिस मिला है। अरविंद की पत्नी सुनीता केजरीवाल, माता-पिता और बेटे को भी इसी कारण से नोटिस जारी किए गए हैं।

केजरीवाल पिछले साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में नयी दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे।

केजरीवाल और उनके परिवार को जारी नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, ‘‘यह कैसी प्रक्रिया है जिसमें तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के वोट दिल्ली की मतदाता सूची से गायब किए जा रहे हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सिब्बल को भी ‘‘पिछले एसआईआर से मिलान नहीं होने’’ के कारण नोटिस जारी किया गया है।

भाजपा नेता सचदेवा ने कहा कि उन्हें नाम से संबंधित विसंगति के कारण नोटिस मिला है और वह आवश्यक दस्तावेजों के जरिये इसे ठीक करा लेंगे।

उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी और भाई के नाम भी नोटिस पाने वालों की सूची में शामिल हैं और जरूरी सुधार करा दिए जाएंगे।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में