नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका इलाके में एक 27 वर्षीय सोया चाप विक्रेता को कथित तौर पर एक अवैध अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और तीन कारतूस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नवीन (27) के रूप में हुई और वह द्वारका के सेक्टर 14 में एक मॉल के पास सोया चाप का ठेला लगाता था।
पुलिस के अनुसार, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि गोविंदपुरी के एक नाबालिग ने अवैध हथियार के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की थी और इस सूचना के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान एक टीम को नाबालिग के मोबाइल फोन में एक तस्वीर मिली, जिसमें वह पिस्तौल दिखा रहा था। पूछताछ के दौरान, उसने खुलासा किया कि हथियार उसके एक परिचित का था और नवीन ने उसे मुहैया कराया था।’’
पुलिस ने सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया और आठ तथा नौ मई की दरमियानी रात नवीन को उसके ठेले से हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया कि नवीन द्वारा दी गई सूचना पर एक अवैध अर्द्ध स्वचालित पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि नवीन ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार कथित तौर पर प्राप्त किए और उन्हें दिल्ली में लोगों को आपूर्ति की।
पुलिस ने बताया कि वह हत्या के प्रयास सहित तीन आपराधिक मामलों में भी संलिप्त रहा है।
भाषा यासिर दिलीप
दिलीप