दिल्ली: साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क को ‘म्यूल’ बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क को 'म्यूल’ बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 07:30 PM IST

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए ‘म्यूल’ बैंक खातों की आपूर्ति और उनका इस्तेमाल करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह मामला मैनपुरी निवासी एक व्यक्ति से पैसे वापस करने के नाम पर 47,971 रुपये की ठगी के बाद सामने आया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर सूखे मेवे का ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। बाद में, जालसाजों ने एक ऑनलाइन ‘मैसेजिंग’ ऐप पर उससे संपर्क किया और दावा किया कि ऑर्डर की डिलीवरी नहीं हो सकती तथा पैसे वापस करने का प्रस्ताव दिया। उनके निर्देशों का पालन करने पर शिकायतकर्ता के बैंक खाते से 47,971 रुपये निकल गए।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पैसों के लेनदेन की कड़ी त्रिलोकपुरी स्थित एक बैंक खाते तक पहुंची, जो सनी (19) के नाम पर पंजीकृत था।

सनी ने कथित तौर पर कमीशन के बदले साइबर धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता दिया था। उसका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है और खाते से जुड़ी सामग्री, ‘चैट’ और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के लिए इसकी जांच की जा रही है।

बैंक रिकॉर्ड, एटीएम से पैसे निकालने के विवरण, मोबाइल डेटा और संदिग्धों की आवाजाही के विश्लेषण से पुलिस जैद (26) और गनी खान (31) तक पहुंची।

ये दोनों कथित तौर पर इस नेटवर्क में इस्तेमाल के लिए दिल्ली से बैंक खाता खोलने की किट, एटीएम कार्ड और खातों से जुड़ी अन्य सामग्री जुटाने और ले जाने में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों को निजामुद्दीन के पास से हिरासत में लिया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। खाता खोलने की किट और अन्य सामग्री एकत्र करने के लिए दिल्ली यात्रा में इस्तेमाल की गई एक सफेद कार को भी जब्त कर लिया गया है।

तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य फर्जी खातों का पता लगाने, पैसों के पूरे लेनदेन की कड़ी स्थापित करने और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।

इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

‘म्यूल’ बैंक खाता वैसा खाता होता है, जिसका उपयोग साइबर अपराधी या धनशोधन में लिप्त अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कमाए गए पैसे को छिपाने और अंतरण के लिए किया जाता है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश