दिल्ली: देर रात अलग-अलग मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली: देर रात अलग-अलग मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डाबरी इलाके में हुई चाकूबाजी की घटना और इसी तरह के अन्य हमलों के मामले में वांछित दो अपराधियों को पुलिस ने सोमवार देर रात अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान रोहित कुमार और प्रेम शर्मा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जब पुलिस दोनों को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, ये गिरफ्तारियां रविवार रात मधु विहार इलाके में चाकूबाजी की दो घटनाओं के एक दिन के भीतर की गई हैं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पहली घटना में, दुर्गा माता मंदिर के पास 39 वर्षीय गोविंद झा पर चाकू से हमला किया गया। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके कुछ ही मिनट बाद हुई दूसरी घटना में अज्ञात बदमाशों ने तीन अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।’’
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में इन घटनाओं के सांप्रदायिक घटनाएं होने की कोई बात सामने नहीं आई है।
विशेष प्रकोष्ठ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर द्वारका सेक्टर-17 के पास रोहित कुमार को घेर लिया। आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और इस दौरान वह घायल हो गया। मौके से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए।
एक अन्य अभियान में पुलिस टीम ने नजफगढ़ के पास प्रेम शर्मा को रोका। उसने पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इन नए मामलों की जांच की जा रही है।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


