दिल्ली: दृष्टिबाधित महिला से संपत्ति पट्टे पर देने के नाम पर 14.5 लाख रुपये की ठगी

Ads

दिल्ली: दृष्टिबाधित महिला से संपत्ति पट्टे पर देने के नाम पर 14.5 लाख रुपये की ठगी

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 07:52 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) मध्य दिल्ली में एक आवासीय संपत्ति को पट्टे पर देने के बहाने एक दृष्टिहीन महिला से 14.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में 51 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस गिरफ्तारी से कई पीड़ितों से जुड़े लगभग दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले का पर्दाफाश हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में हापुड़ निवासी आरोपी रविंद्र गर्ग को पिछले सप्ताह एक टीम ने गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार, यह मामला पिछले साल 29 दिसंबर को दर्ज किया गया था, जब भारतीय रेलवे में काम करने वाली शिकायतकर्ता ने संपत्ति पट्टे पर देने के नाम पर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया, ‘गर्ग ने करोल बाग के जोशी रोड पर स्थित एक संपत्ति की पेशकश की थी और 14.5 लाख रुपये में सौदा तय करने के बाद एक नोटरीकृत पट्टा डीड की। हालांकि, जब महिला संपत्ति का कब्जा लेने गई, तो उसे पता चला कि ऋण अदायगी नहीं करने के कारण संपत्ति पहले ही एक वित्त कंपनी द्वारा अधिग्रहित कर ली गई है।’

एक अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी ने 2017 में 98 लाख रुपये का गृह कर्ज लिया था और उस संपत्ति को बैंक ने कब्जे में ले लिया था। यह बात उसने सौदा करते हुए जानबूझकर छुपाई।

अधिकारी ने बताया कि जांच में उसकी लोकेशन दिल्ली के नांगल देवत गांव में पता चली, जहां वह टैक्सी चालक के रूप में काम कर रहा था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान, गर्ग ने खुलासा किया कि उसने यह संपत्ति बेचने या पट्टे पर देने के नाम पर कई लोगों के साथ ठगी की है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश