नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बताया कि शहर की मानक सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है। स्टेशन ने 24 घंटे में तापमान में 3.1 डिग्री की वृद्धि भी दर्ज की, जो क्षेत्र में अचानक आई गर्मी का संकेत है।
इसी तरह, आयानगर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 7.1 डिग्री अधिक है।
आईएमडी के अनुसार, लोधी रोड सहित अन्य स्टेशन पर भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा।
विभाग ने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान औसत के आसपास या उससे कम रहा। पालम और रिज में न्यूनतम तापमान क्रमशः 11.6 डिग्री सेल्सियस और 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था, जबकि अधिकतर अन्य स्टेशन पर रातें सामान्य से ठंडी रहीं।
आयानगर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है, जबकि सफदरजंग और लोधी रोड में न्यूनतम तापमान क्रमशः 10.1 डिग्री सेल्सियस और 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से थोड़ा कम है।
सोमवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब बनी रही। ‘समीर’ ऐप के अनुसार औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 258 तक पहुंच गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
निजी मौसम एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर’ के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि फरवरी के बीच में दिल्ली का इतना गर्म होना सामान्य नहीं है और कम हवा चलने के कारण आसमान साफ है, जिससे दोपहर में तेज धूप पड़ रही है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी आने वाला है।
महेश पलावत ने कहा, “यह स्थिति अगले एक-दो दिन तक बनी रहेगी, और उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के आने से राजधानी में छिटपुट बारिश की संभावना है, तब तक न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होगी।”
उन्होंने कहा कि अगले दो दिन में बारिश होने की संभावना से दिल्ली को राहत मिल सकती है।
भाषा
नोमान अविनाश
अविनाश